नई दिल्ली। देश में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक की घटनाएं अब किसी एक राज्य या एक परीक्षा तक सीमित नहीं रह गई हैं। पिछले 12 वर्षों में यह समस्या एक संगठित आपराधिक नेटवर्क का रूप ले चुकी है, जिसने करोड़ों युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मीडिया रिपोर्टों और विभिन्न सरकारी एजेंसियों की कार्रवाई के आधार पर वर्ष 2014 से जुलाई 2026 तक देशभर में कम से कम 116 पेपर लीक के मामले सामने आए हैं।

इन मामलों से करीब 7.5 करोड़ अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। जांच एजेंसियों की कार्रवाई में 19 राज्यों तक फैले पेपर माफिया नेटवर्क का खुलासा हुआ है। सबसे अधिक निशाने पर शिक्षक भर्ती, पुलिस भर्ती, मेडिकल और अन्य सरकारी नौकरी से जुड़ी परीक्षाएं रही हैं। कई मामलों में परीक्षा रद्द करनी पड़ी, जबकि लाखों उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा देने के लिए मजबूर होना पड़ा।उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2014 से 2024 के बीच पेपर लीक के 89 मामले दर्ज किए गए। इनमें 21 केंद्रीय संस्थानों द्वारा आयोजित परीक्षाएं और 68 राज्य स्तरीय परीक्षाएं शामिल थीं। इसके बाद वर्ष 2025 में 20 नए मामले सामने आए, जबकि 2026 में जुलाई तक 7 पेपर लीक के मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG से जुड़ा मामला भी शामिल है, जिसने देशभर में व्यापक विरोध और बहस को जन्म दिया।पेपर लीक की घटनाओं के कारण लाखों छात्र-छात्राओं की वर्षों की मेहनत प्रभावित हुई। कई परीक्षाएं रद्द होने से उम्मीदवारों को मानसिक तनाव, आर्थिक नुकसान और अनिश्चितता का सामना करना पड़ा। दूर-दराज के क्षेत्रों से परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को दोबारा यात्रा और तैयारी का बोझ भी उठाना पड़ा।
जांच एजेंसियों की कार्रवाई में कई राज्यों में सक्रिय ऐसे गिरोहों का खुलासा हुआ है, जो मोटी रकम लेकर प्रश्नपत्र लीक करने, सॉल्वर गैंग चलाने और परीक्षा प्रक्रिया में सेंध लगाने का काम करते थे। कई मामलों में सरकारी कर्मचारियों, कोचिंग संचालकों और अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। हालांकि, अलग-अलग मामलों की जांच अभी भी विभिन्न एजेंसियों के स्तर पर जारी है।लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने देश की परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि केवल सख्त कानून बनाना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि परीक्षा संचालन, डिजिटल सुरक्षा, गोपनीयता व्यवस्था और निगरानी तंत्र को भी मजबूत करना होगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
देशभर के लाखों अभ्यर्थी अब ऐसी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, जिसमें उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले और भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाएं पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित हों।














