ग्वालियर। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बटोरने के लिए लोग किस तरह के अजीबोगरीब तरीके अपनाने लगे हैं, इसका एक मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर से सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी कार को ही ‘किसिंग कार’ बना दिया। युवक की गर्लफ्रेंड ने कार की पूरी बॉडी पर करीब 3400 किस किए, जिसके बाद कार पर जगह-जगह लिपस्टिक के निशान बन गए। युवक ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला ट्रैफिक पुलिस तक पहुंच गया।पुलिस ने कार को जब्त कर थाने पहुंचाया और युवक को पूछताछ के लिए बुलाया। कार्रवाई के दौरान कार से लिपस्टिक के निशान भी हटवाए गए। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने युवक पर 5,500 रुपये का जुर्माना लगाया।
एक दिन में मिले 55 लाख व्यूज
जानकारी के मुताबिक, युवक आदित्य सिकरवार ने अपनी कार MP07 CC 9452 का वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। वीडियो में कार सड़क पर चलती नजर आ रही थी और उसकी पूरी बॉडी पर लिपस्टिक के निशान दिखाई दे रहे थे। बताया जा रहा है कि वीडियो को महज एक दिन में करीब 55 लाख व्यूज मिल गए। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए इस वीडियो पर जब ट्रैफिक पुलिस की नजर पड़ी तो पुलिस ने कार की पहचान शुरू की।
थाटीपुर इलाके से कार बरामद
ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर कार की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस ने कार को थाटीपुर इलाके से बरामद कर लिया और थाने ले आई। कार के मालिक आदित्य सिकरवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया। पुलिस के सामने आदित्य ने अपनी गलती स्वीकार की।

गर्लफ्रेंड ने किए करीब 3400 किस
पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि कार पर लिपस्टिक के निशान उसने खुद नहीं बनाए थे। उसके मुताबिक, कार खड़ी होने के दौरान उसकी एक दोस्त ने कार की पूरी बॉडी पर किस किए थे। युवक के अनुसार, उसकी गर्लफ्रेंड ने कार पर करीब 3400 किस किए और इस पूरी प्रक्रिया में लगभग साढ़े तीन घंटे लगे। इसके बाद कार का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया। युवक ने पुलिस को बताया कि इसका मकसद सोशल मीडिया पर एक अलग तरह का वीडियो बनाना और उसे ज्यादा से ज्यादा वायरल करना था।
पुलिस कार्रवाई के बाद इंस्टाग्राम आईडी की ब्लॉक
वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा तो युवक ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी ब्लॉक कर दी। पुलिस ने कार को थाने लाकर कार्रवाई की और कार से लिपस्टिक के निशान हटवाए। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने युवक पर 5,500 रुपये का जुर्माना लगाया। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर युवक को वीडियो के जरिए लाखों व्यूज मिले, वहीं दूसरी ओर वायरल वीडियो के कारण उसे पुलिस कार्रवाई और जुर्माने का सामना करना पड़ा।














