इंदौर। मध्य प्रदेश में युवाओं और छात्रों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने इंदौर से ‘युवा स्वाभिमान यात्रा’ की शुरुआत की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में निकली यह यात्रा विभिन्न जिलों से गुजरते हुए दो दिन बाद भोपाल पहुंचेगी, जहां कांग्रेस की ओर से एक बड़ी जनसभा आयोजित की जाएगी। पार्टी का दावा है कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे। यात्रा में प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। पूर्व कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भी यात्रा में पहुंचकर समर्थन जताया। यात्रा के दौरान जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों के शासन में प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार, प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियां, पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं है। पटवारी ने कहा कि सीबीएसई परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं, नीट और यूजी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक तथा रोजगार के अवसरों की कमी जैसे विषयों को लेकर कांग्रेस प्रदेशभर में युवाओं को जागरूक करेगी और उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करेगी।

भोपाल में होगा शक्ति प्रदर्शन
कांग्रेस के अनुसार, यात्रा का समापन भोपाल में होगा, जहां बड़ी सभा के माध्यम से युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी का कहना है कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और अधिकारों की लड़ाई का हिस्सा है। यात्रा में प्रदेश के कई कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा बड़ी संख्या में शामिल होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।














