Home » लपेटा लेटेस्ट » छतरपुर गोलीकांड: धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग पर केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय

छतरपुर गोलीकांड: धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग पर केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय

Share This Article

छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग पर किसान को गोली मारने के आरोप के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से शालिग्राम गर्ग फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मामला छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कोड़ा गांव का है। घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा और उनके परिजनों का आरोप है कि गांव में जमीन विवाद के दौरान शालिग्राम गर्ग और उनके साथियों ने उन पर हमला किया। आरोप है कि इसी दौरान शालिग्राम गर्ग ने कथित रूप से गोली चलाई, जो मोतीलाल कुशवाहा के पेट में लगी। घायल किसान को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

जमीन विवाद से जुड़ा मामला

परिजनों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा गांव की एक जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। इस संबंध में शिकायत करने के लिए संबंधित पक्ष प्रशासन के पास गया था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते यह घटना हुई। छतरपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शालिग्राम गर्ग, अंकित मिश्रा, सतीश घोड़ी सहित एक अन्य आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं, जिनमें धारा 109 भी शामिल है, के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

शालिग्राम गर्ग ने भाई धीरेंद्र शास्त्री से तोड़े रिश्ते, बोले- हमारे सारे संबंध खत्म

गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय

छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।

पहले भी विवादों में रह चुके हैं शालिग्राम

शालिग्राम गर्ग का नाम इससे पहले भी फायरिंग और मारपीट जैसे मामलों में सामने आ चुका है। हालांकि उन मामलों में उन्हें न्यायालय से जमानत मिल चुकी थी।

नोट: इस मामले में पुलिस जांच जारी है। समाचार में उल्लिखित आरोप शिकायतकर्ता के आरोपों और पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर पर आधारित हैं। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This