मुंबई। IIT बॉम्बे में 19 वर्षीय दूसरे वर्ष के छात्र की मौत के बाद शुक्रवार रात कैंपस में तनाव की स्थिति बन गई। छात्र एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में पढ़ रहा था। घटना से कुछ घंटे पहले उसे परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। संस्थान के मुताबिक, छात्र ने परीक्षा के प्रश्नपत्र को ChatGPT पर अपलोड कर जवाब हासिल करने की कोशिश की थी। संस्थान ने अपने बयान में कहा कि छात्र के खिलाफ उस समय कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। परीक्षा के दौरान हुई घटना को लेकर इंस्ट्रक्टर और विभागाध्यक्ष ने उससे बातचीत की थी। IIT के मुताबिक, उसे समझाया गया और भरोसा दिलाया गया कि इस घटना का उसके अकादमिक करियर पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा। इसके बाद छात्र हॉस्टल लौट गया और शाम को उसके कमरे में वह मृत पाया गया। मामले की परिस्थितियों की संबंधित अधिकारी जांच कर रहे हैं।

परीक्षा के बाद हॉस्टल पहुंचा था छात्र
पुलिस के अनुसार, परीक्षा शाम करीब 4 बजे तक चली थी। इसके बाद छात्र अपने हॉस्टल गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। छात्र हॉस्टल-4 में रह रहा था। इस बीच, कुछ छात्रों की ओर से घटना की परिस्थितियों को लेकर अलग दावे भी सामने आए हैं। हालांकि, IIT बॉम्बे ने स्पष्ट किया है कि छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। इसलिए घटना के पीछे की परिस्थितियों को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
400 से ज्यादा छात्रों का प्रदर्शन
छात्र की मौत की जानकारी फैलने के बाद रात में 400 से ज्यादा छात्र संस्थान की मुख्य इमारत के पास जमा हो गए। छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए और घटना की परिस्थितियों की जांच की मांग की। प्रदर्शन करीब रात 10:30 बजे तक चला। इसके बाद IIT बॉम्बे के निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे छात्रों से मिलने पहुंचे। बातचीत के बाद छात्रों को कन्वोकेशन हॉल ले जाया गया। छात्रों के मुताबिक, घटना के बाद चल रही मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित कर दी गईं। हालांकि, परीक्षा स्थगित किए जाने की जानकारी प्रदर्शन में शामिल छात्रों की ओर से सामने आई है।
ChatGPT और परीक्षा व्यवस्था पर भी सवाल
इस घटना ने परीक्षा में AI टूल्स के इस्तेमाल, अकादमिक नियमों और छात्रों की मानसिक सेहत से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा छेड़ दी है। IIT बॉम्बे ने कहा है कि वह घटना से प्रभावित छात्रों, दोस्तों, सहपाठियों और फैकल्टी को आवश्यक सहयोग दे रहा है। संस्थान ने यह भी कहा कि छात्र की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच संबंधित अधिकारी कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस जांच और संस्थान की आंतरिक पड़ताल से यह स्पष्ट होना बाकी है कि घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं। छात्रों का प्रदर्शन इसी सवाल पर प्रशासन से जवाब और विस्तृत जांच की मांग के साथ जारी रहा।













