बैरागढ़ से चंबा जा रही शर्मा ट्रैवलर्स की बस चालुज मोड़ के पास अनियंत्रित होकर दूसरी सड़क पर गिरी; हादसे के बाद मचा चीख-पुकार, ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर यात्रियों को निकाला।

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बैरागढ़ से चंबा जा रही शर्मा ट्रैवलर्स की बस चालुज मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है।
हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बस बैरागढ़ से रवाना होने के करीब तीन किलोमीटर बाद चालुज मोड़ के पास पहुंची थी, तभी चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा। बस सड़क से नीचे जा गिरी और पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस पलटने के बाद कई यात्री बस के अंदर दब गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के नीचे से लोगों की चीखें सुनाई दे रही थीं। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने राहत दल और मशीनरी का इंतजार किए बिना बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर बस को थोड़ा उठाया और उसके नीचे फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। बाद में मशीनरी मौके पर पहुंची, जिसके बाद बस के अंदर फंसे यात्रियों को निकालने का काम तेज किया गया। हादसा इतना भीषण था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कई यात्री लोहे के हिस्सों के बीच फंस गए थे। रेस्क्यू टीम ने लोहे को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 6 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें चंबा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने अपने काम छोड़कर राहत एवं बचाव अभियान में हिस्सा लिया। शुरुआती दौर में स्थानीय लोगों ने ही कई यात्रियों को बस से बाहर निकाला।

हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।














