दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पुलिया से 15 फीट नीचे गिरी ट्रैवलर, बैतूल के श्रद्धालु खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे
राजस्थान। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। सभी यात्री मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
हादसा सुबह करीब छह बजे सिमलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया टोल के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, ट्रैवलर भोपाल से राजस्थान स्थित खाटूश्यामजी मंदिर के लिए रवाना हुई थी। कोटा शहर से करीब 35 किलोमीटर दूर वाहन पुलिया से नीचे गिर गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए पहुंच गए।
हादसे के समय अंधेरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य में कुछ देरी हुई। वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और बचाव दल ने प्रयास किए। कई शव सीटों के बीच फंसे होने की जानकारी सामने आई, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को निकालने के लिए ट्रैवलर की खिड़कियां तोड़नी पड़ीं। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान वाहन सुरक्षा और सड़क हादसों में समय पर राहत-बचाव की व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।













