दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत के बाद आयोजित धन्यवाद सभा राजनीतिक रूप से काफी चर्चाओं में रही। किला चौक पर आयोजित जनसभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।सभा को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा, “सुन लो एसपी और कलेक्टर… जनता से बड़े मत बनो। क्या मुख्यमंत्री से जिताने का ठेका लिया था?” उन्होंने आरोप लगाया कि उपचुनाव के दौरान जिला प्रशासन ने निष्पक्ष तरीके से काम नहीं किया और सत्तारूढ़ दल के पक्ष में भूमिका निभाई। हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में मंच से कोई ठोस उदाहरण प्रस्तुत नहीं किया।
अपने भाषण में पटवारी ने दतिया की आराध्य पीतांबरा माई का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जनता ने लोकतंत्र और संविधान पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि यह जीत अहंकार की नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की जीत है। साथ ही उन्होंने व्यापारियों की सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जिले में गुंडागर्दी को बढ़ावा नहीं मिलने दिया जाएगा।नवनिर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह ने अपने संबोधन में संयमित लहजा अपनाया। उन्होंने कहा कि राजनीति संघर्ष का क्षेत्र है और जीत-हार इसका हिस्सा है। उन्होंने कहा, “राजनीति काजल की कोठरी है, इसमें जो भी जाता है उस पर कुछ न कुछ दाग जरूर लगते हैं।” उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेंगे।
वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता ने ऐसे जनप्रतिनिधि को चुना है, जो भय और दबाव की राजनीति नहीं बल्कि जनता के बीच रहकर काम करने में विश्वास रखता है।धन्यवाद सभा में कांग्रेस नेताओं के बयानों के बाद दतिया की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।














