इंदौर। बारिश ने एक बार फिर शहर के जलभराव और ट्रैफिक इंतजामों की पोल खोल दी। एबी रोड स्थित सिंगापुर टाउनशिप में सोमवार शाम हुई तेज बारिश के बाद कुछ महीने पहले बनाया गया नया अंडरपास पानी से भर गया। जलभराव के चलते अंडरपास से आवाजाही बंद करनी पड़ी और सैकड़ों वाहन चालकों को पुराने अंडरपास का सहारा लेना पड़ा।एक ही रास्ते पर वाहनों का दबाव बढ़ने से दोनों तरफ लंबी कतारें लग गईं। बड़े वाहनों के आमने-सामने आने से यातायात व्यवस्था और बिगड़ गई। कई वाहन चालकों ने जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का रुख किया, जिससे आसपास की सड़कों पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया।
नया अंडरपास बना, लेकिन पानी निकासी का सवाल बरकरार
सिंगापुर टाउनशिप में पश्चिम रेलवे द्वारा कुछ महीने पहले नया अंडरपास तैयार किया गया था। निर्माण के समय यह उम्मीद जताई गई थी कि नया रास्ता मिलने से पुराने अंडरपास पर दबाव कम होगा और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।लेकिन तेज बारिश के बाद नए अंडरपास में पानी भरने से इन दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि यदि बारिश का पानी निकालने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, तो नया अंडरपास बनने के बावजूद समस्या कैसे खत्म होगी?
घंटों परेशान होते रहे वाहन चालक
स्थानीय निवासी यशवंत परमार के मुताबिक बारिश के बाद नया अंडरपास पूरी तरह पानी से भर गया था। इसके चलते वाहन चालकों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा और केवल पुराने अंडरपास से ही आवागमन संभव रहा।पुराने अंडरपास पर दोनों दिशाओं से वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण यातायात धीमा हो गया। बड़े वाहनों के एक साथ गुजरने की कोशिश से जाम की स्थिति बनी रही।रहवासियों ने अंडरपास के डिजाइन, जल निकासी व्यवस्था और बारिश के पानी की निकासी की क्षमता को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए प्रोजेक्ट में यदि बारिश के दौरान ही आवाजाही बंद करनी पड़े तो इसकी प्लानिंग और निर्माण व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है।
शहर में कई जगह जलभराव, बेसमेंट तक पहुंचा पानी
सोमवार दोपहर से शाम तक हुई बारिश का असर शहर के कई हिस्सों में दिखाई दिया। कुछ प्रमुख सड़कों और चौराहों पर पानी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ इमारतों के बेसमेंट में भी बारिश का पानी पहुंचने की जानकारी सामने आई है। बारिश के दौरान एमआईजी और भागीरथपुरा की मदनपुरी कॉलोनी में पेड़ गिरने की शिकायत भी नगर निगम को मिली। सूचना के बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची और गिरे हुए पेड़ों को हटाकर रास्ता साफ कराया।
पहली बारिश में ही व्यवस्था की परीक्षा
इंदौर में हर साल बारिश के दौरान जलभराव और ट्रैफिक प्रबंधन चुनौती बनता है। सिंगापुर टाउनशिप के नए अंडरपास में पहली तेज बारिश में पानी भरने की घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि निर्माण के दौरान जल निकासी और बारिश के पानी के प्रबंधन की कितनी तैयारी की गई थी। अब देखना होगा कि रेलवे और संबंधित एजेंसियां जलभराव की वजह की जांच कर पानी निकासी के स्थायी समाधान के लिए क्या कदम उठाती हैं।













