Home » लपेटा लेटेस्ट » दतिया उपचुनाव में बीजेपी ने खेला नया दांव, नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं, आशुतोष तिवारी बने उम्मीदवार

दतिया उपचुनाव में बीजेपी ने खेला नया दांव, नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं, आशुतोष तिवारी बने उम्मीदवार

Share This Article

दतिया | मध्य प्रदेश की चर्चित दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट न देकर संगठन से जुड़े युवा चेहरे आशुतोष तिवारी पर भरोसा जताया है। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उनके नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है। उम्मीदवार घोषित होने के बाद आशुतोष तिवारी ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे एक साधारण कार्यकर्ता हैं और संगठन ने उन पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और चुनाव प्रचार में उनका मार्गदर्शन व सहयोग मिलेगा।

कौन हैं आशुतोष तिवारी?

आशुतोष तिवारी बीजेपी संगठन के सक्रिय और प्रभावशाली पदाधिकारियों में गिने जाते हैं। वर्तमान में वे प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। चिकित्सा, विधि, व्यापार, आईटी, पर्यावरण, सहकारिता समेत विभिन्न प्रकोष्ठों के समन्वय और संगठन विस्तार में उनकी अहम भूमिका रही है। पार्टी के भीतर उन्हें एक शांत, अनुशासित और परिणाम देने वाले कार्यकर्ता के रूप में देखा जाता है। वे लंबे समय से भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं और पर्दे के पीछे रहकर संगठन को मजबूत करने के लिए पहचाने जाते हैं।

क्यों हो रहा है उपचुनाव?

दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता निलंबित होने के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने बीजेपी के दिग्गज नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा को हराकर बड़ी राजनीतिक जीत दर्ज की थी।

उपचुनाव का कार्यक्रम

  • नामांकन की अंतिम तिथि: 13 जुलाई
  • नामांकन पत्रों की जांच: 14 जुलाई
  • नाम वापसी की अंतिम तिथि: 16 जुलाई
  • मतदान: 30 जुलाई
  • मतगणना: 3 अगस्त

बीजेपी द्वारा आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद दतिया का चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि संगठन के इस नए चेहरे को जनता कितना समर्थन देती है और क्या बीजेपी इस सीट को दोबारा अपने कब्जे में ला पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This