डिंडौरी। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का उत्साह उस वक्त मातम में बदल गया, जब चल समारोह में डीजे की धुन पर नाचते हुए एक 25 वर्षीय युवक अचानक जमीन पर गिर पड़ा। साथी उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद वन विभाग कॉलोनी में शोक का माहौल है।

नाचते समय अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात डिंडौरी जिला मुख्यालय स्थित वन विभाग कॉलोनी से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए चल समारोह निकाला गया था। जुलूस में युवक-युवतियां डीजे की धुन पर नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान अजय धुर्वे (25), पिता रामचरण धुर्वे, अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन और कॉलोनी के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अजय के पिता वन विभाग में वनपाल के पद पर कार्यरत हैं और परिवार वन विभाग कॉलोनी में ही रहता है।
अस्पताल में देरी का आरोप, परिजनों ने जताई नाराजगी
युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में इलाज मिलने में देरी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि समय पर उपचार मिल जाता, तो अजय की जान बच सकती थी। इसको लेकर अस्पताल परिसर में परिजनों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला। हालांकि, इलाज में देरी के आरोपों की पुष्टि और मौत के कारणों को लेकर आधिकारिक निष्कर्ष सामने आना बाकी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल यह पुष्टि नहीं हुई है कि युवक की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह से हुई या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय कारण था। दुर्गा विसर्जन के उत्सव के बीच हुई इस घटना ने परिवार और कॉलोनीवासियों को गहरे सदमे में डाल दिया है।














