भोपाल। जिस थाने में फरियादी न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, उसी थाने के भीतर पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और बहस का वीडियो सामने आने के बाद कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। भोपाल के हबीबगंज थाने में निगरानीशुदा बदमाश लड्डू राय और उसके साथियों पर हंगामा करने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। मामला ऑटो पार्किंग की जगह को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि दो पक्ष शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे। पुलिस उनकी शिकायतों पर कार्रवाई कर रही थी, तभी लड्डू राय अपने पांच-छह साथियों के साथ वहां पहुंचा और दूसरे पक्ष के लोगों को धमकाने लगा।

समझाइश देने पहुंची पुलिस से ही उलझ गए
आरोप है कि लड्डू राय ने दूसरे पक्ष को बाहर मिलने पर देख लेने की धमकी दी। जब पुलिसकर्मियों ने उसे थाने से बाहर जाने के लिए कहा, तो वह उनसे ही उलझ गया। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी उसे बाहर करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान झूमाझटकी होने की बात भी सामने आई है।
थाने में ही पुलिस से टकराव, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर थाने के भीतर ही पुलिसकर्मियों के साथ इस तरह का टकराव होता है, तो शिकायत लेकर आने वाले आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है। अब सवाल यह है कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई कर रही है? क्या वीडियो के आधार पर घटना की निष्पक्ष जांच की गई है? क्या संबंधित लोगों के खिलाफ कोई वैधानिक कार्रवाई हुई है? इन सवालों पर पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। थाने के भीतर हुए इस घटनाक्रम में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर रहेगी। कानून का पालन कराने वाली पुलिस के सामने ही अगर विवाद बढ़ता है, तो मामले में त्वरित जांच और स्पष्ट कार्रवाई जरूरी हो जाती है।














