Home » लपेटा लेटेस्ट » जनसभा में भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा, आशुतोष तिवारी के लिए बोले- ‘प्राण झोंक देंगे’, छलक पड़े आंसू

जनसभा में भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा, आशुतोष तिवारी के लिए बोले- ‘प्राण झोंक देंगे’, छलक पड़े आंसू

Share This Article

दतिया। दतिया उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। इसी क्रम में आयोजित जनसभा के दौरान प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भावुक हो गए। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में संबोधन देते हुए उनकी आंखें नम हो गईं और वे कुछ क्षणों के लिए भावनाओं पर काबू नहीं रख सके। सभा को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता आशुतोष तिवारी की जीत के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरेगा। उन्होंने कहा, “आशुतोष भैया के लिए प्राण झोंक दिए जाएंगे। हम एक-एक घर जाएंगे, हाथ जोड़ेंगे और जनता का आशीर्वाद मांगेंगे।”

’16 जुलाई से दतिया में ही जमाऊंगा डेरा’

अपने संबोधन के दौरान नरोत्तम मिश्रा ने घोषणा की कि वे 16 जुलाई से दतिया में ही रहकर चुनाव प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं एक-एक घर में जाकर शीश नवाऊंगा, एक-एक गांव में जाऊंगा और आशुतोष तिवारी को जिताकर ही लौटूंगा।” यह कहते-कहते वे भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े भावुक क्षणों के बीच नरोत्तम मिश्रा ने मंच पर मौजूद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया। उन्होंने हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन किया और कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ चुनाव प्रचार करेंगे। संबोधन समाप्त होने के बाद जब वे मंच पर अपनी कुर्सी पर बैठे, तब भी उनकी आंखों से आंसू बहते रहे। मंच पर मौजूद अन्य नेताओं ने उन्हें सांत्वना दी।

सीएम मोहन यादव ने भी साधा कांग्रेस पर निशाना

जनसभा को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और देश में समान नागरिक संहिता जैसे मुद्दों पर कांग्रेस स्पष्ट रुख नहीं अपनाती। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में मतदान की अपील करते हुए कहा कि दतिया के विकास के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दतिया उपचुनाव को लेकर भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता लगातार जनसभाएं और जनसंपर्क कर रहे हैं। ऐसे में नरोत्तम मिश्रा का मंच पर भावुक होना चुनावी माहौल में चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This