दतिया। दतिया उपचुनाव के प्रचार अभियान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जबकि कांग्रेस परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस को जमीन का होश नहीं, पूरा आसमान खरीदने की बात करती है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि दतिया का उपचुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि विकास और जनविश्वास का चुनाव है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास को नई गति दी है, जबकि कांग्रेस के लंबे शासनकाल में दतिया सहित प्रदेश का अपेक्षित विकास नहीं हो सका। सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता वर्षों से जनता को भ्रमित करने की राजनीति करते आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विकास के बजाय केवल वोट बैंक की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय, आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
दतिया के विकास के लिए फंड की कमी नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि दतिया के विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यदि दतिया के लोग 100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की मांग भी करेंगे, तो सरकार उसे पूरा करने का प्रयास करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
‘भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है’
डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा किसी एक परिवार या राजा-महाराजा की पार्टी नहीं है, बल्कि यह कार्यकर्ताओं की पार्टी है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय हर कार्यकर्ता पार्टी का उम्मीदवार होता है और भाजपा संगठन की ताकत ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा देश
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश और मध्य प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में निवेश, सड़क, धार्मिक पर्यटन और आधारभूत ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार लगातार नए विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने महाकाल लोक सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों का भी जिक्र किया।
समान नागरिक संहिता पर भी कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब देश में एक संविधान, एक राष्ट्रध्वज और एक राष्ट्रगान है, तो अलग-अलग वर्गों के लिए अलग-अलग कानून क्यों होने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस विषय पर खुलकर चर्चा करने से बचती है और समाज को जाति एवं धर्म के आधार पर बांटने की राजनीति करती है।
उपचुनाव में भाजपा की जीत का दावा
सभा के अंत में मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में है और जनता के समर्थन से भाजपा दतिया उपचुनाव में विजय हासिल करेगी।














