Home » लपेटा लेटेस्ट » केन-बेतवा प्रोजेक्ट विरोध खत्म: पुलिस ने अनशनकारियों को हटाया, अमित भटनागर अस्पताल में भर्ती

केन-बेतवा प्रोजेक्ट विरोध खत्म: पुलिस ने अनशनकारियों को हटाया, अमित भटनागर अस्पताल में भर्ती

Share This Article

 

छतरपुर जिले के बिजावर क्षेत्र स्थित ग्राम कुपी में केन-बेतवा लिंक परियोजना और रूंज-मझगांव परियोजना को लेकर चल रहा आंदोलन रविवार को प्रशासन ने समाप्त करा दिया। अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर और उनके साथियों की तबीयत बिगड़ने पर पुलिस और प्रशासन की टीम उन्हें बिजावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां उनका उपचार जारी है।प्रशासन ने मौके पर मौजूद अन्य प्रदर्शनकारियों को  भी समझाइश देकर आंदोलन समाप्त कराया और पन्ना जिले के लोगों को तीन बसों के जरिए उनके घर रवाना कर दिया। रविवार सुबह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम आंदोलन स्थल पहुंची। अधिकारियों ने अनशनकारियों से स्वास्थ्य और खराब मौसम का हवाला देते हुए आंदोलन समाप्त करने की अपील की। इसके बाद स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत आने पर अमित भटनागर समेत कुछ अनशनकारियों को अस्पताल भेजा गया। बिजावर एसडीएम विजय द्विवेदी ने बताया कि लगातार बारिश और बिगड़ते स्वास्थ्य को देखते हुए यह कदम उठाया गया। उन्होंने कहा कि सभी लोगों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रशासन के अनुसार आंदोलन में शामिल अधिकांश लोग पन्ना जिले के निवासी थे। अनशन समाप्त होने के बाद तीन बसों की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित उनके गृह जिले भेजा गया।

प्रशासन का दावा— अतिरिक्त मुआवजा पहले ही स्वीकृत

जिला प्रशासन ने बताया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और विस्थापन के लिए सरकार पहले ही अतिरिक्त आर्थिक पैकेज स्वीकृत कर चुकी है।

प्रशासन के मुताबिक—

730 विस्थापित परिवारों को प्रति परिवार 7.5 लाख रुपये का अतिरिक्त पुनर्वास पैकेज स्वीकृत किया गया है।

  • इसके लिए 54.75 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
  • वहीं मझगांव मध्यम सिंचाई परियोजना से प्रभावित 1450 परिवारों के लिए भी प्रति परिवार 7.5 लाख रुपये अतिरिक्त सहायता स्वीकृत की गई है।
  • इस मद में 108.75 करोड़ रुपये का विशेष पुनर्वास पैकेज मंजूर किया गया है।

प्रशासन का कहना है कि यह राशि पहले से स्वीकृत पुनर्वास सहायता के अतिरिक्त है।

केन बेतवा प्रोजेक्ट के नाम पर पन्ना की स्थानीय सिंचाई परियोजना के प्रभावितों को घेरकर किए जा रहे प्रदर्शन को कराया खत्म

प्रशासन का दावा— आंदोलन में केन-बेतवा के पात्र प्रभावित शामिल नहीं थे

जिला प्रशासन ने यह भी दावा किया कि कुपी में प्रदर्शन कर रहे अधिकांश लोग पन्ना जिले के निवासी थे और उनमें केन-बेतवा लिंक परियोजना के पात्र प्रभावित शामिल नहीं थे।

हालांकि आंदोलनकारी लगातार पुनर्वास, विस्थापन और परियोजना से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार से बातचीत और समाधान की मांग करते रहे हैं।

फिलहाल अस्पताल में उपचार जारी

अस्पताल में भर्ती अमित भटनागर और अन्य अनशनकारियों का डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। वहीं प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This