Home » लपेटा लेटेस्ट » इंदौर उर्मिला सैनी हत्याकांड: पति अब भी फरार, 11 साल की बेटी ने मां के लिए मांगा इंसाफ; पुलिस की 5 टीमें तलाश में जुटीं

इंदौर उर्मिला सैनी हत्याकांड: पति अब भी फरार, 11 साल की बेटी ने मां के लिए मांगा इंसाफ; पुलिस की 5 टीमें तलाश में जुटीं

Share This Article

इंदौर। इंदौर के बहुचर्चित उर्मिला सैनी हत्याकांड में मुख्य आरोपी और मृतका के पति अखिलेश सैनी की तलाश अभी भी जारी है। घटना के बाद से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इंदौर पुलिस की पांच टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस बीच दंपती की 11 वर्षीय बेटी प्रेक्षा ने अपनी मां के लिए इंसाफ की मांग करते हुए भावुक बयान दिया है। डाक विभाग में सहायक पोस्टमास्टर के पद पर कार्यरत उर्मिला सैनी की हत्या के विरोध में सोमवार को डाक विभाग के कर्मचारियों ने विरोध मार्च निकालकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। मीडिया से बातचीत में प्रेक्षा ने आरोप लगाया कि उसके पिता अखिलेश सैनी उसकी मां पर बेवजह शक करते थे। उसने दावा किया कि पिता ने कथित रूप से मां का मोबाइल फोन हैक कर रखा था, उनकी निजी चैट पढ़ते थे और फोन में रिकॉर्डिंग की व्यवस्था भी कर रखी थी ताकि उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। प्रेक्षा का आरोप है कि घटना वाले दिन उसके पिता ने पहले किसी भारी वस्तु से उसकी मां के सिर पर हमला किया, जिससे वह गिर गईं। इसके बाद उन पर चाकू से कई वार किए गए।पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू को कथित रूप से ऑनलाइन ऑर्डर किया गया था। तलाशी के दौरान पुलिस को घर से चाकू का पैकेजिंग बॉक्स भी मिला है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने घटना के बाद खून से सने कपड़े नष्ट करने की कोशिश की और स्नान करने के बाद घर से फरार हो गया।

बच्चों को स्कूल से भेजा रिश्तेदार के घर

पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद बच्चों के स्कूल भी गया। वहां उसने बेटी को घर की चाबी, मां का नेकलेस और एटीएम कार्ड देकर सीधे मौसी के घर जाने के लिए कहा। इसके बाद वह फरार हो गया।

पुलिस की पांच टीमें कर रहीं तलाश

इंदौर पुलिस की पांच विशेष टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस रिश्तेदारों से पूछताछ करने के साथ-साथ आरोपी के बैंक लेन-देन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। उधर, उर्मिला सैनी की मौत के बाद उनका सात वर्षीय बेटा अपनी मां को मुखाग्नि दे चुका है और परिवार गहरे सदमे में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This