E20 फ्यूल नीति के विरोध में AAP का प्रदर्शन, 2.30 लाख से अधिक लोगों की याचिकाएं PM को भेजने का दावा

नई दिल्ली-
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को E20 फ्यूल नीति के विरोध में प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकाला। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने केजरीवाल और पार्टी के अन्य नेताओं को फिरोजशाह रोड पर ही रोक दिया। इसके बाद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, जैस्मिन शाह और अन्य कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए। AAP का दावा है कि उसने देशभर से E20 नीति के विरोध में 2.30 लाख से अधिक लोगों की याचिकाएं एकत्र की हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपा जाना था। केजरीवाल ने कहा कि पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद सभी चिट्ठियां प्रधानमंत्री को भेज दी गई हैं और उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री को संदेश भी भेजा है।
धरने के दौरान केजरीवाल ने आरोप लगाया कि E20 नीति आम लोगों पर जबरन थोपी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर देशभर में बड़ा जनआंदोलन खड़ा करने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल और E20 दोनों विकल्प उपलब्ध कराने तथा E20 पेट्रोल की कीमत कम करने की मांग भी दोहराई। उधर, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने केजरीवाल के मार्च पर निशाना साधते हुए इसे राजनीतिक नौटंकी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना अनुमति प्रदर्शन करना और बाद में सरकार पर आरोप लगाना आम आदमी पार्टी की पुरानी रणनीति रही है।














