मुंबई। टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ का नया सीजन शुरू होते ही एक बार फिर मनोरंजन का माहौल गरमा गया है। सलमान खान की होस्टिंग में ‘बिग बॉस 20’ ने दस्तक दे दी है और ग्रैंड प्रीमियर के साथ ही उन चेहरों से भी पर्दा उठ गया है, जिनके नाम को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही थीं। इस बार शो में टीवी, भोजपुरी और पंजाबी सिनेमा से लेकर म्यूजिक, स्पोर्ट्स और डिजिटल दुनिया से जुड़े कई चर्चित चेहरे शामिल किए गए हैं।आइए जानते हैं इस सीजन में शामिल कंटेस्टेंट्स के बारे में…

कनिका मान
टीवी की जानी-पहचानी अभिनेत्री कनिका मान ने शो में कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री की है। उन्होंने 2016 में ‘बढ़ो बहू’ से टीवी की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद ‘गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा’ ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। कनिका ‘खतरों के खिलाड़ी 12’ में भी नजर आ चुकी हैं।

आसिफ खान
‘पंचायत’ के लोकप्रिय किरदार ‘गणेश’ यानी दामाद जी के रूप में पहचान बनाने वाले आसिफ खान भी इस बार बिग बॉस के घर में पहुंच चुके हैं। वह ‘पाताल लोक’, ‘जामताड़ा’ समेत कई वेब सीरीज और फिल्मों में काम कर चुके हैं। एक्टिंग के साथ वह कास्टिंग डायरेक्शन से भी जुड़े रहे हैं।

काजी तौकीर
सिंगिंग रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ के विजेता रहे काजी तौकीर ने भी बिग बॉस 20 में एंट्री ली है। श्रीनगर से ताल्लुक रखने वाले काजी म्यूजिक की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। फिल्म ‘फैंटम’ के चर्चित गाने ‘अफगान जलेबी’ में भी उनकी मौजूदगी देखने को मिली थी।

ईशा रिखी
पंजाबी सिनेमा की अभिनेत्री ईशा रिखी भी इस सीजन का हिस्सा बनी हैं। पंजाबी फिल्मों के अलावा वह बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में भी काम कर चुकी हैं। उनकी निजी जिंदगी को लेकर भी हाल के दिनों में काफी चर्चा रही है, जिससे बिग बॉस में उनकी एंट्री को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है।

आम्रपाली दुबे
भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने भी बिग बॉस के घर में कदम रखा है। भोजपुरी इंडस्ट्री में उनका बड़ा नाम है और वह कई चर्चित फिल्मों का हिस्सा रह चुकी हैं। ग्रैंड प्रीमियर के दौरान अभिनेता-राजनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ भी उनका हौसला बढ़ाते नजर आए।

रोहेद खान
ऑस्ट्रिया से ताल्लुक रखने वाले अभिनेता और मॉडल रोहेद खान भी शो में शामिल हुए हैं। वह ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘तेजस’ और ‘सरजमीन’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। बॉलीवुड के अलावा वह इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स में भी नजर आ चुके हैं।

लव गिल
पंजाबी अभिनेत्री और मॉडल लवप्रीत कौर गिल, जिन्हें लव गिल के नाम से भी जाना जाता है, ने भी बिग बॉस 20 में एंट्री की है। मॉडलिंग और सोशल मीडिया की दुनिया में सक्रिय लव को म्यूजिक वीडियो के जरिए पहचान मिली। पंजाबी सिनेमा में भी वह कई प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुकी हैं।

मैरी कॉम
इस सीजन की सबसे चर्चित एंट्री में भारतीय बॉक्सिंग स्टार मैरी कॉम का नाम भी शामिल है। छह बार की विश्व चैंपियन मैरी कॉम ने 2012 लंदन ओलंपिक में भारत के लिए कांस्य पदक जीता था। उन्हें भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से भी सम्मानित किया जा चुका है।

युंग डीएसए
पुणे के हिप-हॉप कलाकार युंग डीएसए भी बिग बॉस के घर में पहुंचे हैं। उनका असली नाम हर्ष विजय मचारे बताया जाता है। देसी हिप-हॉप, मराठी लोक संगीत और स्थानीय स्ट्रीट कल्चर के मिश्रण के लिए पहचाने जाने वाले युंग को ‘Yeda Yung’ से खास लोकप्रियता मिली।

ScoutOp उर्फ तन्मय सिंह
गेमिंग और डिजिटल कंटेंट की दुनिया में मशहूर तन्मय सिंह उर्फ ScoutOp भी बिग बॉस 20 का हिस्सा हैं। वह ई-स्पोर्ट्स और गेमिंग कंटेंट के लिए जाने जाते हैं और लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग कम्युनिटी में सक्रिय रहे हैं।

उदिति सिंह
अभिनेत्री और मॉडल उदिति सिंह ने भी सलमान खान के शो में एंट्री ली है। वह म्यूजिक वीडियो और मॉडलिंग प्रोजेक्ट्स के अलावा एक्टिंग से भी जुड़ी रही हैं। उनके करियर में ‘सुरूर 2021’ के टाइटल ट्रैक का भी उल्लेख किया जाता है।

गुल्लू उर्फ कुशल तंवर
कुशल तंवर उर्फ गुल्लू भी इस बार बिग बॉस के घर में नजर आएंगे। वह कई रियलिटी शो का हिस्सा रह चुके हैं और कंटेंट क्रिएशन से भी जुड़े हैं। गुरुग्राम से आने वाले गुल्लू के लिए बिग बॉस का मंच उनके डिजिटल करियर को नई दिशा दे सकता है।
अमन गांधी
टीवी अभिनेता अमन गांधी ने भी शो में बतौर कंटेस्टेंट एंट्री ली है। वह ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘नागिन 3’ और ‘भाग्य लक्ष्मी’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में काम कर चुके हैं। ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में ऋतिक विरानी का किरदार निभाकर उन्हें पहचान मिली थी।

अरशिफा खान
सोशल मीडिया पर मजबूत फैन फॉलोइंग रखने वाली अरशिफा खान भी बिग बॉस 20 में पहुंच चुकी हैं। उन्होंने बतौर बाल कलाकार अपने करियर की शुरुआत की थी और ‘एक वीर की अरदास…वीरा’, ‘छल-शह और मात’ और ‘जिनी और जूजू’ जैसे टीवी शोज में नजर आ चुकी हैं।

रिति तिवारी
भोजपुरी अभिनेता और सांसद मनोज तिवारी की बेटी रिति तिवारी भी इस सीजन में दिखाई दे रही हैं। वह सिंगिंग और म्यूजिक से जुड़ी हुई हैं और अपना यूट्यूब चैनल भी चलाती हैं। इसके अलावा वह बिजनेस से भी जुड़ी हैं।

माही विज
टीवी अभिनेत्री माही विज की एंट्री ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा है। ‘लागी तुझसे लगन’ में नकुशा के किरदार से उन्हें काफी लोकप्रियता मिली थी। इसके बाद वह कई टीवी और रियलिटी शोज में दिखाई दीं। हाल के दिनों में उन्होंने ‘सेहर होने को है’ के जरिए छोटे पर्दे पर वापसी की थी।

इस बार बिग बॉस में दिखेगा अलग-अलग दुनिया का तड़का
‘बिग बॉस 20’ की कंटेस्टेंट लिस्ट पर नजर डालें तो इस बार मेकर्स ने टीवी और फिल्मी सितारों के साथ-साथ स्पोर्ट्स, म्यूजिक, सोशल मीडिया और डिजिटल दुनिया से जुड़े चेहरों को भी जगह दी है। ऐसे में आने वाले एपिसोड्स में अलग-अलग बैकग्राउंड से आए कंटेस्टेंट्स के बीच की केमिस्ट्री और टकराव शो को कितना दिलचस्प बनाता है, यह देखना खास होगा।













