परिजनों ने एंबुलेंस की लापरवाही को बताया मौत की वजह, कलेक्टर ने 4 सदस्यीय जांच समिति गठित की
मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां 21 वर्षीय युवक अजीत बरैया की कथित तौर पर 108 एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य व्यवस्था और एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।मृतक के पिता का आरोप है कि किडनी की बीमारी से पीड़ित उनके बेटे को 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में एंबुलेंस के ऑक्सीजन सिलेंडर का मीटर शून्य हो गया, जिसके बाद बेटे की हालत लगातार बिगड़ती गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

परिजनों का कहना है कि जिस एंबुलेंस का उद्देश्य आपातकाल में लोगों की जान बचाना होता है, उसी में ऑक्सीजन की कमी उनके बेटे की मौत का कारण बनी। उन्होंने पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।घटना सामने आने के बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आया है। मंडला कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर रिपोर्ट तलब की है। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि एंबुलेंस में ऑक्सीजन की उपलब्धता, तकनीकी स्थिति और आपातकालीन प्रबंधन में कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।














