सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के भुईमाड़ थाना परिसर में पदस्थ एक हेड कांस्टेबल पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में हेड कांस्टेबल के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उन्हें 23 टांके लगाने पड़े। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सीधी रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, घटना 6 जुलाई की दोपहर भुईमाड़ थाना परिसर में हुई। आरोप है कि ओमप्रकाश द्विवेदी (21) अचानक थाना परिसर पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। इसी दौरान उसने कथित तौर पर ड्यूटी पर मौजूद हेड कांस्टेबल बलबीर निखरे के सिर पर किसी कठोर वस्तु से हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हेड कांस्टेबल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके सिर में गहरी चोट होने के कारण 23 टांके लगाए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय सीधी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। थाना परिसर के भीतर पुलिसकर्मी पर हुए इस हमले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल घायल हेड कांस्टेबल का इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।














