PM मोदी और जापान की PM साने ताकाइची की अहम मुलाकात आज, रणनीतिक साझेदारी से निवेश तक होगी बड़ी चर्चा भारत और जापान के रिश्तों को नई मजबूती देने के लिए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के बीच नई दिल्ली में हाई-लेवल द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों नेता रणनीतिक साझेदारी, आर्थिक सुरक्षा, निवेश और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा करेंगे। जापानी प्रधानमंत्री तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत आई हैं। जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची बुधवार शाम नई दिल्ली पहुंचीं, जहां उनका राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी शिखर वार्ता होगी। इस दौरान दोनों देश आपसी सहयोग की समीक्षा करेंगे और भविष्य की साझेदारी को और मजबूत बनाने पर चर्चा करेंगे। भारत रवाना होने से पहले साने ताकाइची ने कहा था कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में भारत-जापान रणनीतिक साझेदारी पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने तीन प्रमुख क्षेत्रों—रणनीतिक सहयोग, आर्थिक सुरक्षा और निवेश व नवाचार—में संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने की बात कही।
इस दौरे के दौरान आयोजित होने वाले जापान-भारत संयुक्त आर्थिक मंच में 150 से अधिक जापानी कंपनियों और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इस सम्मेलन के दौरान भारतीय बाजार में करीब 12.5 अरब डॉलर के निवेश से जुड़े लगभग 120 सहयोग समझौतों पर सहमति बन सकती है। दोनों देशों के बीच होने वाली यह वार्ता हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग, व्यापार, तकनीक, सेमीकंडक्टर, सप्लाई चेन और वैश्विक चुनौतियों पर साझा दृष्टिकोण को भी नई दिशा दे सकती है।














