श्योपुर। जिले के ग्राम रायपुरा में आयोजित सीएम जनविश्वास जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान उस वक्त माहौल गरमा गया, जब जनपद पंचायत अध्यक्ष रीना आशीष मीणा ने मंच से ही अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर कर दी। कार्यक्रम में नेताओं के स्वागत के दौरान अधिकारियों के खड़े होने को लेकर उन्होंने तीखे शब्दों में सवाल उठाए।

नेताओं के स्वागत को लेकर जताई नाराजगी
कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक नेताओं के मंच पर पहुंचने पर प्रशासनिक अधिकारी सम्मान में खड़े हुए। यह देखकर जनपद अध्यक्ष रीना मीणा नाराज हो गईं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकारी जनसंवाद का उद्देश्य आम लोगों की समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना है, ऐसे में अधिकारियों का ध्यान नेताओं की आवभगत के बजाय जनता की समस्याओं पर होना चाहिए। उन्होंने मंच से अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा, “नेता आया है या तुम्हारा बाप आया है, जो सब खड़े हो जाते हो?” उनके इस बयान के बाद मंच पर कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई।
‘इतना डर लगता है तो चूड़ियां पहन लो’
रीना मीणा यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने अधिकारियों पर तंज कसते हुए कहा कि अगर नेताओं से इतना डर लगता है तो चूड़ियां पहन लो। उन्होंने अधिकारियों को जनहित के मामलों में बिना किसी दबाव के काम करने की नसीहत भी दी। जनपद अध्यक्ष ने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों में आम ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में अधिकारियों की प्राथमिकता जनता की शिकायतों को सुनना और उनका समाधान करना होना चाहिए।
जनपद CEO ने संभाला मोर्चा
मंच पर बढ़ती नाराजगी के बीच जनपद पंचायत के सीईओ एस.एस. भटनागर ने रीना मीणा को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, उन्होंने अधिकारियों की निष्पक्ष कार्यप्रणाली को लेकर अपनी बात जारी रखी। रीना मीणा की अधिकारियों को सार्वजनिक रूप से लगाई गई फटकार का वीडियो अब चर्चा में है। कार्यक्रम में उनके तीखे तेवरों को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल इस पूरे मामले में अधिकारियों की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वीडियो सामने आने के बाद अब यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।














