Home » लपेटा लेटेस्ट » भोपाल में सीलिंग के खिलाफ व्यापारियों का हल्लाबोल, थाली-घंटी लेकर CM हाउस की ओर निकलीं महिलाएं; पुलिस ने रोका

भोपाल में सीलिंग के खिलाफ व्यापारियों का हल्लाबोल, थाली-घंटी लेकर CM हाउस की ओर निकलीं महिलाएं; पुलिस ने रोका

Share This Article

भोपाल। राजधानी में रहवासी इलाकों में कथित कमर्शियल गतिविधियों के खिलाफ नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई को लेकर व्यापारियों का विरोध तेज हो गया है। लगातार दूसरे दिन कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में व्यापारी सड़क पर उतरे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। न्यू मार्केट क्षेत्र में हुए प्रदर्शन के दौरान महिला व्यापारी हाथों में थाली और घंटियां लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए निकल पड़ीं। हालांकि, पुलिस ने रोशनपुरा चौराहे पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान व्यापारियों और पुलिस के बीच काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

थाली-घंटी बजाकर जताया विरोध

प्रदर्शन में शामिल महिला व्यापारियों ने थाली और घंटियां बजाकर सीलिंग कार्रवाई का विरोध किया। व्यापारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से सरकार को टैक्स और जीएसटी का भुगतान करते हैं, ऐसे में अचानक कार्रवाई से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से सीलिंग की कार्रवाई रोकने और व्यापारियों को राहत देने की मांग की।

पुलिस से हुई धक्का-मुक्की जैसी स्थिति

जब व्यापारी मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे तो रोशनपुरा चौराहे पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे जाने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए सख्ती की। इस दौरान कुछ व्यापारी नीचे गिर गए। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।

‘दुकान बंद हुई तो EMI और घर का खर्च कैसे चलेगा?’

प्रदर्शनकारियों ने सीलिंग कार्रवाई के आर्थिक असर का मुद्दा भी उठाया। व्यापारियों का कहना है कि कारोबार बंद होने की स्थिति में उनके सामने बैंक लोन, ईएमआई, घर के खर्च और बच्चों की स्कूल फीस जैसी जिम्मेदारियां पूरी करने का संकट खड़ा हो जाएगा। एक प्रदर्शनकारी ने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि यदि कारोबार बंद कराया जा रहा है तो व्यापारियों की आर्थिक जिम्मेदारियों की चिंता भी सरकार को करनी चाहिए।

प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर सरकार पर साधा निशाना

प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर भी अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सीलिंग कार्रवाई से सिर्फ दुकानें प्रभावित नहीं हो रही हैं, बल्कि उनसे जुड़े कर्मचारियों और उनके परिवारों की आजीविका भी संकट में पड़ रही है।

व्यापारियों की मुख्य मांग क्या है?

भोपाल व्यापारी महासंघ संघर्ष समिति सहित प्रदर्शन में शामिल व्यापारियों ने सीलिंग कार्रवाई पर रोक लगाने और व्यापारियों को राहत देने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि रहवासी क्षेत्रों में कारोबार को लेकर स्पष्ट नीति बनाई जाए और मास्टर प्लान के अनुसार स्थायी समाधान निकाला जाए। भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद ने कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि व्यापारियों के साथ इस तरह की कार्रवाई चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। फिलहाल सीलिंग कार्रवाई को लेकर व्यापारियों और प्रशासन के बीच विवाद बढ़ता दिखाई दे रहा है। अब देखना होगा कि सरकार व्यापारियों की मांगों पर क्या रुख अपनाती है और सीलिंग को लेकर कोई राहत या नई व्यवस्था सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This