छतरपुर में 50 वर्षीय महिला की हत्या का मामला, जमीन बेचने से इनकार पर बेटे ने किया हमला
छतरपुर जिले के बमनौरा कलां गांव में जमीन के विवाद ने एक परिवार को हिला कर रख दिया। यहां 50 वर्षीय महिला सुंतीबाई अहिरवार की उसके ही बेटे ने कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, महिला के नाम खेती की जमीन थी और उसका छोटा बेटा जाहर अहिरवार लंबे समय से जमीन बेचने के लिए दबाव बना रहा था। शनिवार रात इसी बात को लेकर मां-बेटे के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जाहर ने पहले पत्थर से मां के हाथ-पैर पर हमला किया और इसके बाद लोहे की राड से सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।














