मुगल रोड पर चेकिंग के दौरान पकड़े गए तीनों संदिग्ध, सुरक्षा एजेंसियां खंगाल रही आतंकी कनेक्शन

शोपियां। दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने मुगल रोड पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड और प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े पांच धमकी भरे पोस्टर बरामद होने की बात सामने आई है। सुरक्षाबलों के मुताबिक, मुगल रोड पर पदपावन इलाके के पास संयुक्त टीम नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन लोगों को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रोका गया। तलाशी में विस्फोटक सामग्री और आपत्तिजनक पोस्टर मिलने के बाद तीनों को हिरासत में ले लिया गया। पकड़े गए संदिग्धों की पहचान कुलगाम जिले के मतुल्हामा निवासी जुनैद अहमद, जुनैद मुजफ्फर और चुदर निवासी आमिर यूसुफ के रूप में बताई गई है। गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों ने तीनों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद ग्रेनेड और पोस्टर उन्हें कहां से मिले और इन्हें आगे किस उद्देश्य से इस्तेमाल किया जाना था। एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि तीनों का किसी आतंकी नेटवर्क से सीधा या परोक्ष संबंध है या नहीं। कश्मीरी पंडितों को हाल में मिली धमकियों और बरामद पोस्टरों के बीच संभावित संबंध की भी जांच की जा रही है, हालांकि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हैं।














