Home » लपेटा MP » भाजपा नेता की बर्थडे पार्टी में SI ने गाया ‘तेरे जैसा यार’, वीडियो वायरल; शो-कॉज नोटिस से मचा हड़कंप

भाजपा नेता की बर्थडे पार्टी में SI ने गाया ‘तेरे जैसा यार’, वीडियो वायरल; शो-कॉज नोटिस से मचा हड़कंप

Share This Article

मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में एक सब इंस्पेक्टर का भाजपा नेता की जन्मदिन पार्टी में शामिल होकर गीत गाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की वर्दी, पद की गरिमा और ड्यूटी के दौरान आचरण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मामले में वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच के निर्देश दिए हैं और संबंधित सब इंस्पेक्टर को शोकॉज नोटिस दिए जाने की जानकारी सामने आई है। मामला संजीत क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां भाजपा नेता शरद जैन की जन्मदिन पार्टी का आयोजन किया गया था। पार्टी में कचनारा पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर भीमसिंह राठौर के पहुंचने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में वे पार्टी के दौरान गीत गाते हुए नजर आ रहे हैं।

कचनारा पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर भीमसिंह राठौर- India TV Hindi

चौकी छोड़कर पार्टी में पहुंचे SI

बताया जा रहा है कि जन्मदिन की यह पार्टी ग्राम आक्या बीका में आयोजित की गई थी। आरोप है कि कचनारा चौकी प्रभारी भीमसिंह राठौर अपनी चौकी छोड़कर कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। पार्टी में उन्होंने भाजपा नेता को संबोधित करते हुए ‘तेरे जैसा यार’ गीत भी गाया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा और अब पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस विभाग में हलचल

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। बताया जा रहा है कि सब इंस्पेक्टर भीमसिंह राठौर को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है। उनसे पार्टी में शामिल होने और पूरे घटनाक्रम को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं, सोशल मीडिया पर सब इंस्पेक्टर की कथित राजनीतिक नजदीकियों को लेकर भी तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। उनकी पूर्व पोस्टिंग को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, इसलिए इन्हें केवल सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के तौर पर ही देखा जा रहा है।

एसपी बोले- वीडियो का किया जा रहा एनालिसिस

मामले को लेकर मंदसौर एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा वीडियो और उससे संबंधित तथ्यों का विश्लेषण कराया जा रहा है। एसपी के मुताबिक, मामले की जांच एसडीओपी को सौंपी गई है। जांच में यदि विभागीय कार्रवाई बनती है तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब जांच में सामने आएगा सच

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि ड्यूटी पर तैनात चौकी प्रभारी किस परिस्थिति में भाजपा नेता की निजी जन्मदिन पार्टी में पहुंचे और वहां सार्वजनिक रूप से गीत गाने की स्थिति कैसे बनी? पुलिस विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि सब इंस्पेक्टर ने कोई विभागीय नियम तोड़ा है या नहीं और उनके खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो ने पुलिसकर्मी के निजी कार्यक्रम में शामिल होने और पद की गरिमा को लेकर बहस जरूर छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This