इंदौर। पूर्वी क्षेत्र के देवास नाका चौराहे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के अगले चरण के निर्माण कार्य के चलते बुधवार से ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है। निर्माण के दौरान चौराहे पर यातायात का दबाव और जाम की स्थिति न बने, इसके लिए यातायात पुलिस और एमपीआरडीसी ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
मांगलिया जाने वालों के लिए बदला रास्ता
विजय नगर और सत्यसाईं की ओर से मांगलिया जाने वाले वाहन अब देवास नाका चौराहे से सीधे आगे नहीं जा सकेंगे। वाहन चालकों को निरंजनपुर की ओर मुड़कर न्यू लोहा मंडी रोड होते हुए MR-11 पर जाना होगा। इसके बाद MR-11 से एबी रोड होते हुए मांगलिया की ओर पहुंच सकेंगे।
इसी तरह निरंजनपुर और निपानिया से मांगलिया जाने वाले वाहन भी देवास नाका चौराहे की ओर सीधे आने के बजाय MR-11 मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।
इन रूट पर कोई बदलाव नहीं
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मांगलिया से विजय नगर की ओर जाने वाला यातायात पहले की तरह सीधे चलता रहेगा। वहीं विजय नगर से निपानिया की ओर आने-जाने वाले वाहनों के रूट में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
डायवर्जन पॉइंट पर लगाए गए संकेतक
निर्माण कार्य के दौरान वाहन चालकों को परेशानी न हो, इसके लिए डायवर्जन रूट पर दिशासूचक और सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। इसके साथ ही ट्रैफिक मार्शल और वॉलंटियर्स को भी तैनात किया गया है, जो वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्ते की जानकारी देंगे।
वाहनों के खराब होने की स्थिति में उन्हें तत्काल हटाने के लिए क्रेन की व्यवस्था भी की गई है।
वाहन चालकों से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि फ्लाईओवर निर्माण पूरा होने तक निर्धारित डायवर्जन रूट का ही इस्तेमाल करें। साथ ही यातायात संकेतों और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि निर्माण कार्य के दौरान अनावश्यक जाम की स्थिति न बने और यातायात सुचारु रूप से चलता रहे।














