कैलाश विजयवर्गीय हमेशा से ही अपने बेबाक बयाने के लिए जाने जाते हैं. साल 2023 में जब विधानसभा चुनाव हुए, तो पार्टी ने उन्हें महासचिव रहते हुए भी विधानसभा का चुनाव लड़वाया. इसके बाद उन्हें मंत्री बनाया गया. बताया जाता है कि चुनाव में RSS के स्वयंसेवकों ने अहम भूमिका निभाई थी. अब विजयवर्गीय ने संघ को लेकर कहा कि संगठन तो बड़ा हो रहा है, लेकिन अच्छे इंसानों की कमी होती जा रही है. उन्होंने कहा कि कई अधिकारी कहते हैं कि वे पहले शाखा में जाते थे. कैलाश विजयवर्गीय भोपाल के मानस भवन में संस्था नवलय द्वारा आयोजित श्री शालिग्राम तोमर स्मृति राष्ट्रसेवी सम्मान समारोह में बोल रहे थे. इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए थे. कार्यक्रम में विजयवर्गीय ने कहा कि हम सरकार में हैं तो कोई भी अधिकारी आता है. इसके बाद संघ से जुड़ाव और शाखा की बात करता है. सरकार आने के बाद सब संघ के हो गए? एक अधिकारी ने कहा कि मेरे पिताजी तो शाखा में अध्यक्ष थे, लेकिन उन्हें क्या पता कि शाखा में अध्यक्ष होता ही नहीं. उन्होंने यह भी कहा कि संघ में बहुत भीड़ हो गई है और इस भीड़ में अच्छे इंसानों की कमी है. कार्यक्रम में शामिल कुछ लोगों के नाम गिनाते हुए कहा कि ऐसे इंसानों की कमी होती जा रही है. संगठन बढ़ रहा है, कहने के लिए विचारधारा भी बढ़ रही है, लेकिन अगर अच्छे इंसान नहीं होंगे, तो इस विचारधारा का महत्व क्या रह जाएगा? इस पर हमें चिंतन करना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि आज भी कई अधिकारी यह बताने का प्रयास करते हैं कि उन्होंने भी संघ की ड्रेस पहनी है.














