Home » लपेटा MP » सागर में जान हथेली पर रखकर स्कूल जा रहीं छात्राएं! क्षतिग्रस्त पुलिया से नदी पार करने को मजबूर

सागर में जान हथेली पर रखकर स्कूल जा रहीं छात्राएं! क्षतिग्रस्त पुलिया से नदी पार करने को मजबूर

Share This Article

बेरखेरी कला गांव में विकास के दावों पर सवाल, वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में…

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बेरखेरी कला गांव से शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं की बदहाल तस्वीर सामने आई है। यहां स्कूली छात्राओं को हर दिन जान जोखिम में डालकर नदी पार कर स्कूल जाना पड़ रहा है। गांव की क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण बच्चे बारिश के बीच बहते पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं।मामला रहली विकासखंड की ग्राम पंचायत बेरखेरी कला का है, जहां कोपरा नदी पर बनी पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। पुलिया खराब होने के कारण छात्र-छात्राएं और ग्रामीण नदी के बीच से होकर आवागमन कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में छात्राएं ग्रामीणों के सहारे एक-एक कर पुलिया पार करती दिखाई दे रही हैं।

बारिश में क्षतिग्रस्त पुलिया का वीडियो वायरल- India TV Hindi

यह रास्ता बेरखेरी कला और चेनपुरा गांव के विद्यार्थियों के लिए स्कूल पहुंचने का मुख्य मार्ग है। बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने से हादसे का खतरा और अधिक बढ़ जाता है। हालांकि गांव तक पहुंचने के लिए करीब 3 किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग भी मौजूद है, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण अधिकांश लोग इसी पुलिया का इस्तेमाल करते हैं।ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। उन्होंने प्रशासन से जल्द पुलिया की मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करने की मांग की है।

वहीं, रहली जनपद पंचायत के सीईओ रवि पाटीदार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। सहायक यंत्री को मौके पर निरीक्षण के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।बारिश के मौसम में बच्चों का इस तरह जान जोखिम में डालकर स्कूल जाना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और सुरक्षित शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This