सीधी। जिले के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गोपद बनास एसडीएम कार्यालय में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पेशे से अधिवक्ता बताए जा रहे जितेंद्र मिश्रा कथित तौर पर शराब के नशे में अपनी बुलेट मोटरसाइकिल लेकर सीधे एसडीएम कार्यालय तक पहुंच गए। बताया जा रहा है कि वह बुलेट को एसडीएम के चैंबर की ओर ले जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने उन्हें रोक लिया।
घटना के समय एसडीएम अपने चैंबर में मौजूद नहीं थीं। कार्यालय में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अधिवक्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता की नाराजगी एसडीएम कार्यालय के रीडर से बताई जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस घटना ने कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिसर में स्पष्ट रूप से बिना हेलमेट प्रवेश निषिद्ध होने के बोर्ड लगे हैं और कलेक्टर कार्यालय के पास पुलिस सुरक्षा भी तैनात रहती है। इसके बावजूद एक व्यक्ति का बुलेट लेकर एसडीएम कार्यालय तक पहुंच जाना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह स्पष्ट होना बाकी है कि अधिवक्ता किन परिस्थितियों में कार्यालय तक पहुंचे और उनके खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।














