वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को एक दर्दनाक समुद्री हादसा हो गया। भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट समुद्र में पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नाव में 32 भारतीय पर्यटक समेत कुल 36 लोग सवार थे। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ। स्पीडबोट होन मे रूट से एन थोई पोर्ट की ओर जा रही थी, तभी कथित तौर पर तकनीकी खराबी के कारण समुद्र में पलट गई। हादसे के बाद वियतनाम की बचाव एजेंसियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सभी सवारों को समुद्र से बाहर निकाला। मृतकों में 13 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में 24×7 इमरजेंसी कंट्रोल रूम सक्रिय किए हैं। भारतीय राजदूत भी स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। दूतावास की विशेष टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी में तकनीकी खराबी की बात सामने आई है, हालांकि आधिकारिक जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।














