रतलाम। जिले की पिपलोदा तहसील के आजमपुर डोडिया गांव में दूषित पेयजल पीने से कई ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। गांव में उल्टी, दस्त और बुखार के कई मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं उपचार कार्य शुरू किया। स्वास्थ्य विभाग ने गंभीर रूप से बीमार ग्रामीणों को 108 एंबुलेंस की सहायता से पिपलोदा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी भी ली। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गांव में अस्थायी चिकित्सा शिविर लगाया। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने करीब 80 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका इलाज किया और आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। साथ ही टीम ने घर-घर जाकर सर्वे भी किया, ताकि अन्य संभावित मरीजों की पहचान की जा सके। घटना की जानकारी मिलने पर पिपलोदा तहसीलदार प्रीति साठे ने सिविल अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गांव में तत्काल स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और पानी के टैंकर भेजने की व्यवस्था करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग ने दूषित पानी की आशंका के चलते पेयजल के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद बीमारी के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। जिला स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे फिलहाल केवल उबालकर या शुद्ध किया हुआ पानी ही पीएं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और गांव की लगातार निगरानी की जा रही है।















