भोपाल। दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने भोपाल के न्यू कबाड़खाना स्थित अमोल डेयरी पर कार्रवाई की है। टीम ने डेयरी का निरीक्षण कर दूध और पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।निरीक्षण के दौरान सामने आया कि डेयरी में एक ही दूध से घी, मावा, दही और पनीर समेत कई दुग्ध उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिक्स दूध और पनीर के सैंपल लिए।डेयरी संचालक ने टीम को बताया कि प्रतिष्ठान के लिए दूध देवास स्थित पालीवाल सीलिंग प्लांट से प्राप्त होता है। संचालक के अनुसार प्लांट से दूध की जांच के बाद उसे डेयरी तक पहुंचाया जाता है।
लैब रिपोर्ट का इंतजार
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के मुताबिक फिलहाल दूध और पनीर के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अब विभाग को रिपोर्ट का इंतजार है। यदि जांच में दूध या पनीर निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरता या किसी तरह की मिलावट की पुष्टि होती है, तो डेयरी संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नन्हे चाचा डेयरी में मिल चुका है डिटर्जेंट
गौरतलब है कि भोपाल में हाल ही में नन्हे चाचा डेयरी के दूध के नमूने में डिटर्जेंट की मौजूदगी की पुष्टि हुई थी। 27 जुलाई को लिए गए मिक्स दूध के नमूने की 4 अगस्त को आई रिपोर्ट में उसे असुरक्षित घोषित किया गया था। इसके बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने डेयरी का खाद्य पंजीयन निलंबित कर दिया था।
ऐसे में अमोल डेयरी से लिए गए दूध और पनीर के नमूनों की रिपोर्ट पर अब विभाग के साथ-साथ उपभोक्ताओं की भी नजर है।














