नई दिल्ली। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) परियोजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। भारत और जापान के बीच हुई नई सहमति के अनुसार, परियोजना का पहला सेक्शन वर्ष 2027 में आम यात्रियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि, जापान की अत्याधुनिक E10 सीरीज बुलेट ट्रेन भारत को 2030 के दशक में ही मिल सकेगी। परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी आने के बाद दोनों देशों ने तय किया है कि शुरुआती चरण में सेवा शुरू करने में कोई देरी नहीं की जाएगी। इसके लिए 2027 में पहले सेक्शन पर भारतीय हाई-स्पीड ट्रेन का संचालन किया जाएगा। दरअसल, जापान की नई E10 सीरीज फिलहाल विकास के चरण में है। तकनीकी तैयारियां पूरी होने के बाद ही इन ट्रेनों की आपूर्ति भारत को की जाएगी, जिसके 2030 के बाद शुरू होने की संभावना है। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना है। सरकार का दावा है कि परियोजना का निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है और तय समय के अनुसार पहला सेक्शन 2027 में यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।भारत और जापान के इस संयुक्त फैसले से साफ है कि बुलेट ट्रेन परियोजना की समयसीमा प्रभावित नहीं होगी। शुरुआती संचालन भारतीय हाई-स्पीड ट्रेन से होगा, जबकि भविष्य में जापान की आधुनिक E10 बुलेट ट्रेन इस कॉरिडोर पर दौड़ती नजर आएगी।















