सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी बस स्टैंड पर बस में महिला यात्रियों से कथित छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, घटना का शिकार हुई युवतियों ने पुलिस में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई। जानकारी के अनुसार घटना 9 जुलाई 2026 की है। देवरी बस स्टैंड से रवाना हो रही बस में एक युवक सवार हुआ और दो युवतियों के पास जाकर खड़ा हो गया। बस में यात्रियों की आवाजाही के दौरान अन्य लोगों ने उसे पीछे जाने के लिए कहा, जिसके बाद वह कुछ देर के लिए पीछे चला गया। लेकिन थोड़ी देर बाद वह फिर युवतियों के पास पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने दोनों युवतियों के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ की। युवतियों ने पहले उसका विरोध किया, लेकिन जब वह नहीं माना तो दोनों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। मारपीट होते ही युवक बस से नीचे उतरकर वहां से भाग गया। उस समय न तो पीड़ित युवतियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और न ही घटना का वीडियो सार्वजनिक हुआ।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
घटना के लगभग तीन दिन बाद बस में लगे सीसीटीवी का करीब 43 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद देवरी पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी की पहचान नीतीश गौड़ के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवतियों की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण उपलब्ध तथ्यों के आधार पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।














