इंदौर। शहर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में कार में तोड़फोड़ और हंगामा करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित और बाबू के रूप में हुई है, जो बाणगंगा थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार घटना रावजी बाजार थाना क्षेत्र के मोती तबेला इलाके की है। व्यापारी पीयूष मंजवानी अपनी पत्नी प्रियम मंजवानी के साथ कार से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी कार और एक मोटरसाइकिल के बीच कट लगने की बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बाइक सवार युवकों ने कार पर हमला कर दिया। आरोप है कि एक युवक कार के बोनट पर चढ़ गया, जबकि दूसरे ने शराब की बोतल से कार के अगले शीशे पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान कार में बैठे दंपति ने पूरी वारदात अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद रावजी बाजार पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पीड़ित की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अंकित और बाबू बाणगंगा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और दैनिक मजदूरी का कार्य करते हैं। प्रारंभिक जांच में उनके खिलाफ किसी पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।














