Home » देश » प्यार के लिए LoC पार कर आया जीशान, लौटते वक्त सिर्फ आंसू मिले! अधूरी रह गई POK वाली लव स्टोरी

प्यार के लिए LoC पार कर आया जीशान, लौटते वक्त सिर्फ आंसू मिले! अधूरी रह गई POK वाली लव स्टोरी

Share This Article

नई दिल्ली। प्यार की तलाश में नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर भारत पहुंचे पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के निवासी जीशान अहमद मीर की प्रेम कहानी आखिरकार अधूरी रह गई। करीब एक महीने तक कानूनी प्रक्रिया और सुरक्षा जांच के बाद शनिवार को भारतीय अधिकारियों ने उसे सभी औपचारिकताएं पूरी कर पाकिस्तान को सौंप दिया। रवाना होने से पहले उसकी प्रेमिका इरम मजीद से कुछ मिनटों की भावुक मुलाकात हुई, जिसमें दोनों की आंखें नम हो गईं। जानकारी के अनुसार, पीओके के पंकेडी गांव निवासी जीशान अहमद मीर 31 मई को नियंत्रण रेखा पार कर जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में पहुंचा था। बताया गया कि उसकी दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के जरिए कश्मीर की रहने वाली इरम मजीद से हुई थी, जो बाद में प्यार में बदल गई। इसी रिश्ते को निभाने के लिए वह जोखिम उठाकर भारत पहुंच गया। सेना ने हिरासत में लेकर पुलिस को सौंपा उरी सेक्टर के सिलिकोट गांव के पास भारतीय सेना ने जीशान को हिरासत में लिया। शुरुआती जांच में सुरक्षा एजेंसियों को उसके पास कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली और यह स्पष्ट हुआ कि उसका उद्देश्य केवल अपनी प्रेमिका से मिलना था। इसके बावजूद अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश करने के कारण उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस के हवाले कर दिया गया।

अवैध घुसपैठ का मामला दर्ज

पुलिस ने जीशान के खिलाफ अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का मामला दर्ज किया और उसे बारामूला जेल भेज दिया। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने अदालत में चार्जशीट दाखिल की। अदालत द्वारा मामले का निपटारा किए जाने के बाद उसकी स्वदेश वापसी की प्रक्रिया शुरू की गई।

कमान पोस्ट पर पाकिस्तान को सौंपा गया

शनिवार को भारतीय अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत पाकिस्तान को सूचना दी। इसके बाद उरी अदालत के निर्देश पर जीशान को कमान पोस्ट ले जाया गया, जहां दोपहर करीब 12:30 बजे भारतीय अधिकारियों ने उसे पाकिस्तानी अधिकारियों के हवाले कर दिया।

विदाई के वक्त भावुक हुआ जीशान

रवाना होने से पहले जीशान को अपनी प्रेमिका इरम मजीद से दो-तीन मिनट के लिए मिलने की अनुमति दी गई। बताया जाता है कि इस दौरान दोनों भावुक हो गए और जीशान लगातार रोता रहा। इसके बाद दोनों को एक-दूसरे से अलग होना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This