नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध और तेज कर दिया है। बुधवार को संसद के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव विपक्षी प्रदर्शन की अगुवाई करते नजर आए। सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार पर एकत्र होकर छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “हमारे साथ क्या हुआ, यह महत्वपूर्ण नहीं है। सवाल यह है कि छात्रों के साथ जो हुआ, क्या वह सही था? छात्र अपनी जायज़ मांगों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उनकी आवाज़ सुनी जानी चाहिए।”

विपक्ष का आरोप है कि छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया और सरकार इस मुद्दे पर जवाबदेही से बच रही है। विपक्ष लगातार संसद के भीतर और बाहर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा इस पूरे मामले पर विस्तृत चर्चा की मांग कर रहा है।गौरतलब है कि एक दिन पहले राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने प्रधानमंत्री आवास के निकट धरना दिया था। अब संसद के भीतर काले कपड़े पहनकर विरोध दर्ज कराते हुए विपक्ष ने अपने आंदोलन को नया स्वरूप दिया है।संसद परिसर में बढ़ते विरोध को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं, विपक्ष ने संकेत दिए हैं कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।














