भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के लिए भिंड और दतिया में रेड अलर्ट तथा ग्वालियर समेत 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, राजगढ़, आगर-मालवा और रतलाम जिलों में भी भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं नीमच, उज्जैन, श्योपुर, गुना, सागर और पन्ना सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं आईएमडी के मुताबिक, कई इलाकों में तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से करीब 10 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। लगातार बारिश के चलते कई नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि कई जिलों में पुल-पुलियों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। कुछ क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात भी बन गए हैं।
प्रशासन की अपील
मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों पर नजर रखें और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। प्रशासन ने स्थानीय अधिकारियों को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।














