इंदौर। शहर के गाड़ी अड्डा क्षेत्र में सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंसने से मौके पर गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग कर दी। सड़क धंसने की घटना ने एक बार फिर शहर की सड़क निर्माण और ड्रेनेज व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।जानकारी के मुताबिक, गाड़ी अड्डा क्षेत्र में सड़क धंसने के बाद यहां कई फीट गहरा गड्ढा बन गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नगर निगम और जनप्रतिनिधियों को दी। सूचना मिलते ही निगम की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के हिस्से को बैरिकेड कर दिया, ताकि कोई वाहन चालक या राहगीर गड्ढे की चपेट में न आए।

40 साल पुरानी ड्रेनेज लाइन से सड़क धंसने की आशंका
नगर निगम की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस स्थान पर सड़क धंसी है, उसके नीचे करीब 40 साल पुरानी ड्रेनेज लाइन और चैंबर मौजूद है। आशंका है कि ड्रेनेज लाइन या चैंबर में क्षति होने के कारण जमीन के भीतर मिट्टी का कटाव हुआ और धीरे-धीरे सड़क के नीचे का हिस्सा खोखला हो गया। इसके चलते सड़क अचानक धंस गई। हालांकि, स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इस क्षेत्र में भारी वाहनों की लगातार आवाजाही भी सड़क की स्थिति खराब होने की एक वजह हो सकती है। फिलहाल सड़क धंसने के वास्तविक कारणों की जांच नगर निगम द्वारा की जा रही है।
कांग्रेस ने गड्ढे को बताया ‘पाताल लोक’, किया अनोखा प्रदर्शन
सड़क धंसने की घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। कांग्रेस नेता पिंटू जोशी, वार्ड 62 के प्रत्याशी गौरव शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष विशाल चतुर्वेदी और निलेश गोसर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बने गड्ढे को प्रतीकात्मक रूप से ‘पाताल लोक’ बताते हुए उसका पूजन किया। इसके बाद गड्ढे के पास महापौर पुष्यमित्र भार्गव की तस्वीर लगाकर उस पर फूलों की माला चढ़ाई गई। ढोल-नगाड़ों के साथ किए गए इस प्रदर्शन को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।
कांग्रेस ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इंदौर में विकास और सड़क निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद शहर में लगातार सड़क धंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि नई और विकसित सड़कों के कुछ समय बाद ही खराब होने से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।कांग्रेस ने नगर निगम से सड़क निर्माण और ड्रेनेज से जुड़े कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने की मांग की है।
अब जांच के बाद साफ होगा सड़क धंसने का कारण
फिलहाल नगर निगम की टीम मौके पर जांच कर रही है। सड़क के नीचे मौजूद पुरानी ड्रेनेज लाइन और चैंबर की स्थिति की भी जांच की जा रही है। वहीं सुरक्षा के लिए मौके पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। गाड़ी अड्डा क्षेत्र में सड़क धंसने की यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब शहर के अलग-अलग हिस्सों से सड़क धंसने और गड्ढे होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या पुरानी ड्रेनेज लाइनों और सड़क निर्माण की गुणवत्ता की नियमित जांच हो रही है या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद खुलती है?














