इंदौर। बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के गर्भपात की दवाएं बेचने की शिकायतों पर इंदौर में ड्रग विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एमवाय अस्पताल के सामने स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान महिला पुलिसकर्मी को ग्राहक बनाकर भेजा गया, जिसके बाद नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, पुलिस और ड्रग विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शहर के कुछ मेडिकल स्टोर बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के गर्भपात की दवाएं बेच रहे हैं। शिकायतों के सत्यापन के लिए महिला पुलिसकर्मी को ग्राहक बनाकर एमवाय अस्पताल के सामने स्थित कार्तिक मेडिकल स्टोर भेजा गया। जैसे ही मेडिकल स्टोर संचालक ने बिना प्रिस्क्रिप्शन दवा बेची, पहले से मौजूद ड्रग विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर छापा मार दिया। देर रात कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। इसके बाद दस्तावेजों की जांच के लिए अगले दिन स्टोर को दोबारा खुलवाया गया। औषधि निरीक्षक सारिका अग्रवाल ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]()
जांच के दौरान प्रशासन ने शहर के 6 अन्य मेडिकल स्टोरों को भी नोटिस जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि बिना चिकित्सकीय पर्चे के गर्भपात संबंधी दवाओं की बिक्री पर आगे भी सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।














