Home » लपेटा MP » इंदौर में तेज रफ्तार थार ब्रिज की रेलिंग तोड़कर 50 फीट नीचे गिरी, 4 लोग घायल; नशे की भी जांच

इंदौर में तेज रफ्तार थार ब्रिज की रेलिंग तोड़कर 50 फीट नीचे गिरी, 4 लोग घायल; नशे की भी जांच

Share This Article

इंदौर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार थार का भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रतीक सेतु ब्रिज पर अनियंत्रित हुई काली थार रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट नीचे जा गिरी और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक हादसे के वक्त वाहन में चार लोग सवार थे। घायलों की पहचान आरती (25), अभिजीत (20), आदित्य और लावण्या के रूप में बताई गई है। चारों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।

तेज रफ्तार में थी थार, रेलिंग तोड़कर नीचे गिरी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार थार अन्नपूर्णा से बिजलपुर की ओर जा रही थी। प्रतीक सेतु ब्रिज पर वाहन की रफ्तार काफी तेज होने की बात सामने आई है। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और थार ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। करीब 50 फीट नीचे गिरने के बाद वाहन पलट गया। टक्कर के दौरान एयरबैग खुल गए, जिससे वाहन में सवार लोगों को राहत मिलने की बात सामने आई है। हादसे में थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मौके पर मिली शराब की बोतल, नशे की जांच जारी

हादसे के बाद वाहन से शराब की बोतल मिलने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि चालक हादसे के समय नशे में था या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इसी पहलू की भी जांच कर रही है। एसीपी निधि सक्सेना के अनुसार हादसा देर रात राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के प्रतीक सेतु ब्रिज पर हुआ। थार करीब 50 फीट नीचे गिरी थी और हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सड़क पर नहीं था कोई वाहन, टला बड़ा हादसा

हादसे के वक्त ब्रिज के नीचे सड़क पर कोई दूसरा वाहन नहीं होने से बड़ी जनहानि टल गई। अगर उसी समय नीचे से कोई वाहन गुजर रहा होता तो हादसा और गंभीर हो सकता था फिलहाल पुलिस हादसे की वजह, वाहन की रफ्तार और चालक के नशे में होने समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This