इंदौर में बोले मंत्री, हार के कारणों का होगा विश्लेषण, भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति न बने इसके लिए बनेगी रणनीति
दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि उपचुनाव का महत्व भले ही आम चुनाव जितना न हो, लेकिन हार को हल्के में नहीं लिया जा सकता। पार्टी इस परिणाम की गंभीरता से समीक्षा करेगी और हार के कारणों का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा। सोमवार देर रात इंदौर में मीडिया से बातचीत करते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि “हार, हार होती है और जीत, जीत होती है।” उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भी समीक्षा की बात कह चुके हैं और संगठन पूरे चुनाव परिणाम का आत्ममंथन करेगा। मंत्री ने कहा कि भाजपा यह पता लगाएगी कि किन कारणों से पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। समीक्षा के बाद संगठन भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए आवश्यक रणनीति और सुधारात्मक कदम उठाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हर चुनाव परिणाम से सीखने में विश्वास रखती है। हार को नजरअंदाज करने के बजाय पार्टी अपनी कमियों का आकलन करेगी और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठनात्मक स्तर पर आवश्यक बदलाव करेगी।














