प्रधानमंत्री बोले- भारतीय युवाओं को नशे के जाल में फंसाने की हो रही साजिश, अगले 100 सप्ताह तक हर रविवार देशभर में चलेगा जनजागरूकता अभियान।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में ड्रग्स की सप्लाई केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि दुश्मन देशों की आतंकी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं को नशे के जाल में धकेलकर देश की ऊर्जा और भविष्य को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होने के साथ-साथ नशे से भी पूरी तरह दूर रहेगा। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान का नेतृत्व करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील की।पीएम मोदी ने बताया कि अगले 100 सप्ताह तक हर रविवार देशभर में कला, संस्कृति, खेल, संगीत, सामाजिक गतिविधियों और जनभागीदारी के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि नशामुक्त, शिक्षित और जागरूक युवा ही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। इसलिए समाज, परिवार, शैक्षणिक संस्थानों और सभी नागरिकों को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों, शिक्षकों, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया, ताकि भारत को नशामुक्त और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प साकार हो सके।














