छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग को जमीन विवाद में गोली चलाने के आरोप में छतरपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शालिग्राम गर्ग और उसके साथी अंकित मिश्रा को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। यह मामला राजनगर थाना क्षेत्र में गौशाला के पीछे स्थित जमीन को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है। घायल मोतीलाल कुशवाहा, निवासी कोड़ा गांव, ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि शालिग्राम गर्ग और उसके साथियों ने मंगलवार सुबह उसके घर पहुंचकर उसे जबरन बाहर खींचा और लाठी-डंडों से मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि विवाद के दौरान शालिग्राम गर्ग ने तीन से चार राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके सीने में लगी। गंभीर रूप से घायल मोतीलाल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शालिग्राम गर्ग और अंकित मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को बुधवार शाम अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है वीडियो में कुछ लोग मौके से भागते दिखाई दे रहे हैं, जबकि घायल युवक के परिजन उनका पीछा करते नजर आ रहे हैं। वीडियो के एक फ्रेम में एक व्यक्ति के हाथ में हथियार जैसा दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।














