उज्जैन। उज्जैन जिले के बड़नगर में रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित विक्रम ट्रेडिंग कंपनी के बारदान और प्लास्टिक गोदाम में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात भीषण आग लग गई। रात करीब 12 बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि 10 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। आग की सूचना मिलते ही बड़नगर और उज्जैन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए अब तक 18 से अधिक फायर ब्रिगेड लगातार मशक्कत कर रही हैं। प्लास्टिक और बारदान का बड़ा भंडार होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया। गोदाम संचालक नरपत सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी देर से मिली। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक गोदाम का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में एक करोड़ रुपये से अधिक के माल के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग की तीव्रता के चलते गोदाम की दीवारें भी कमजोर हो गई हैं। प्रशासन और दमकल विभाग सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दीवारों को नियंत्रित तरीके से गिराने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि अंदर धधक रही आग तक आसानी से पहुंचकर उसे पूरी तरह बुझाया जा सके।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा माना जा रहा है। दमकल और प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं।














