Home » लपेटा MP » कूनो से लापता चीता निर्वा 13 दिन बाद खेतों में मिली स्वस्थ, नई कॉलर आईडी लगाकर फिर जंगल में छोड़ा

कूनो से लापता चीता निर्वा 13 दिन बाद खेतों में मिली स्वस्थ, नई कॉलर आईडी लगाकर फिर जंगल में छोड़ा

Share This Article

श्योपुर: कूनो नेशनल पार्क से 20 अगस्त से लापता मादा चीता निर्वा आखिरकार 13 दिन बाद सुरक्षित मिल गई। वन विभाग की टीम ने उसे कूनो से लगे रिहाइशी इलाके के खेतों में स्वस्थ अवस्था में खोज निकाला। निर्वा के मिलने के बाद कूनो प्रबंधन और वन विभाग ने राहत की सांस ली। निर्वा के सैटेलाइट कॉलर आईडी से लोकेशन मिलना बंद होने के बाद कूनो प्रबंधन ने उसकी तलाश के लिए पांच टीमें लगाई थीं। वनकर्मियों ने जंगल में लगातार सर्चिंग के साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद ली। टीमों ने उन इलाकों पर भी विशेष निगरानी रखी, जहां वन्यजीवों के शिकार के बाद बचे किल के आसपास निर्वा के पहुंचने की संभावना थी। एक भेड़ और हिरण के किल के आसपास उसकी मौजूदगी के संकेत भी मिले थे। लंबे सर्च ऑपरेशन के दौरान निर्वा के साथ रहने वाले अन्य चीतों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। विशेषज्ञों और कूनो प्रबंधन ने यह समझने की कोशिश की कि दूसरे चीते निर्वा की गंध महसूस करने के बाद किस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इन तमाम संकेतों और लगातार निगरानी के बाद टीम को निर्वा का पता लगाने में सफलता मिली।

रिहाइशी इलाके से लगे खेत में मिली निर्वा

वन विभाग के अनुसार, निर्वा कूनो नेशनल पार्क से बाहर निकलकर रिहाइशी इलाके से लगे खेतों तक पहुंच गई थी। खेतों में उसके घूमने का वीडियो भी सामने आया। निर्वा के मिलने के बाद मैदानी अमले और चिकित्सकों ने काफी देर तक उसकी निगरानी की और स्वास्थ्य का आकलन किया। जांच में उसकी हालत सामान्य पाई गई।

13 दिन बाद मिली कूनो नेशनल पार्क की चीता निर्वा, शिवपुरी में रेडियो सिग्नल  से हुआ रेस्क्यू, बदला गया कॉलर

पुरानी कॉलर आईडी हटाकर लगाई नई कॉलर

निर्वा की लोकेशन दोबारा ट्रैक करने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए डॉक्टरों की मौजूदगी में उसे कुछ समय के लिए बेहोश किया गया। इसके बाद उसकी पुरानी कॉलर आईडी हटाकर नई सैटेलाइट कॉलर आईडी लगाई गई। स्वास्थ्य जांच पूरी होने के करीब एक से दो घंटे बाद निर्वा को दोबारा जंगल में स्वतंत्र रूप से घूमने के लिए छोड़ दिया गया।

वन विभाग ने ली राहत की सांस

वाइल्डलाइफ की PCCF डॉ. समीता राजोरा ने निर्वा के स्वस्थ मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सैटेलाइट कॉलर आईडी से लोकेशन मिलना बंद होने के बाद उसे तलाशना वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती था, लेकिन टीमों की लगातार मेहनत और रणनीतिक सर्च ऑपरेशन के चलते निर्वा को सुरक्षित खोज लिया गया। फिलहाल निर्वा पूरी तरह स्वस्थ है और नई कॉलर आईडी के जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This