Home » लपेटा लेटेस्ट » सागर जहरीली शराब कांड में बड़ा एक्शन: बंडा टीआई और चौकी प्रभारी सस्पेंड, शराब ठेकेदार समेत 20 पर FIR

सागर जहरीली शराब कांड में बड़ा एक्शन: बंडा टीआई और चौकी प्रभारी सस्पेंड, शराब ठेकेदार समेत 20 पर FIR

Share This Article

सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले में प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने लापरवाही के आरोप में बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कुशवाहा और गूगरा चौकी प्रभारी पूरनलाल लाड़िया को निलंबित कर दिया है। वहीं, शराब ठेकेदार समेत कुल 20 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। 14 लोगों की मौत, 190 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती बंडा ब्लॉक के आठ गांवों में जहरीली शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ गई। अब तक 14 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि 190 से ज्यादा लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से करीब सात लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज ICU में चल रहा है। शराब पीने के बाद लोगों को चक्कर आने, उल्टी और बेहोशी जैसी शिकायतें होने लगीं। देखते ही देखते अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी। गंभीर मरीजों को बंडा से बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज समेत अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। प्रशासन की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिन लोगों ने शराब पी थी, वह ‘सागर गोल्ड’ नाम की देसी शराब की नकली कॉपी बताई जा रही है। यह शराब उत्तर प्रदेश के ललितपुर से सप्लाई होने की बात सामने आई है। अब तक जिन मृतकों का पोस्टमार्टम हुआ है, उनकी रिपोर्ट में मिथाइल अल्कोहल के सेवन से मौत की बात सामने आने की जानकारी दी गई है। मिथाइल अल्कोहल अत्यधिक विषैला होता है और इसके सेवन से गंभीर स्वास्थ्य नुकसान के साथ मौत भी हो सकती है। शराब ठेकेदार समेत 20 लोगों पर FIR पुलिस ने मामले में बरेठी के शराब ठेकेदार यशवंत ठाकुर, गद्दीदार आशीष साहू और मनीष लोधी समेत अवैध शराब के कारोबार से जुड़े कुल 20 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने 10 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही बंडा क्षेत्र की कई शराब दुकानों को सील कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें नकली शराब की सप्लाई चेन की जांच में जुटी हैं। शराब कांड में पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कार्रवाई करते हुए बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कुशवाहा और गूगरा चौकी प्रभारी पूरनलाल लाड़िया को निलंबित कर दिया है। अधिकारियों पर मामले में लापरवाही बरतने के आरोप हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इलाके में अवैध शराब की बिक्री और सप्लाई की जानकारी स्थानीय स्तर पर पुलिस को थी या नहीं।

अस्पताल में उपचाररत नकली शराब सेवन के मरीज।

आबकारी विभाग के तीन अधिकारी निलंबित

इस मामले में आबकारी विभाग पर भी कार्रवाई हुई है। सहायक आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा वृत्त की उप निरीक्षक प्रोशनी उरेती को निलंबित किया गया है। वहीं, आबकारी उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को ग्वालियर मुख्यालय से अटैच किया गया है।

ललितपुर से आई थी नकली शराब की खेप?

जांच में नकली शराब की खेप उत्तर प्रदेश के ललितपुर से आने की बात सामने आई है। ‘सागर गोल्ड’ और ‘बाम्बे व्हिस्की’ की नकली शराब बनाए जाने को लेकर पहले शिकायत किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नकली शराब कहां तैयार की गई, इसे सागर तक कौन लेकर आया और किन लोगों के माध्यम से गांवों तक इसकी सप्लाई हुई।

आठ गांवों में बिगड़ी थी लोगों की तबीयत

शनिवार रात बंडा क्षेत्र के गूगरा, नौराज, दलपतपुर, पाटन, चौका-छपरी, बमूरा, लिधौरा और रावरा गांवों में शराब पीकर घर लौटे लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। लोगों को पहले चक्कर आए और इसके बाद उल्टी होने लगी। कई लोग बेहोश भी हो गए। बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंचने लगे। बंडा सिविल अस्पताल में मरीजों की संख्या इतनी बढ़ गई कि एक बेड पर दो मरीजों को रखकर इलाज करना पड़ा। अस्पतालों में इलाज जारी गंभीर मरीजों को बंडा से बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित लोगों का इलाज जारी है और गंभीर मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस अब नकली शराब के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के मुताबिक, मामले में डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, अमानक शराब जब्त की गई है और कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This