Home » देश » मुंबई में 22 फीट की गणेश प्रतिमा गिरी, 2 की मौत; 5 घायल

मुंबई में 22 फीट की गणेश प्रतिमा गिरी, 2 की मौत; 5 घायल

Share This Article

वेल्डिंग सपोर्ट टूटने से बिगड़ा संतुलन, लोगों पर गिरी प्रतिमा

मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात गणेश प्रतिमा के आगमन समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करीब 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा अचानक लोगों की ओर गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में पांच और सात साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक प्रतिमा को लालबाग से भुलेश्वर स्थित पंडाल की ओर ले जाया जा रहा था। पंडाल से करीब 50 से 60 मीटर पहले प्रतिमा के पीछे लगाया गया वेल्डिंग सपोर्ट टूट गया, जिससे प्रतिमा का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे की ओर मौजूद लोगों पर जा गिरी। प्रतिमा गिरने के बाद उसके तीन हिस्से हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, ट्रैफिक पुलिस, BMC और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

गनेश प्रतिमा आगे की तरफ लोगों पर जा गिरी, जिससे कई लोग उसके नीचे दब गए। - Dainik Bhaskar

हादसे में गणेश मंडल अध्यक्ष समेत दो की मौत

हादसे में संकेत नेवशे और बृजेश हेमंत जोशी की जान चली गई। संकेत नेवशे भुलेश्वरचा राजा गणेश मंडल के अध्यक्ष बताए गए हैं। वहीं घायलों में वैभव घेनंद, पवन चौरसिया, लावण्या गनेर, दिव्या गनेर और कुणाल काशिद शामिल हैं। इनमें पांच साल की लावण्या और सात साल की दिव्या भी हादसे की चपेट में आईं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। बताया गया है कि घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। हादसे के बाद पुलिस ने मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट यानी ADR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद गाड़ी पीछे हटाई गई। प्रतिमा का स्ट्रक्चर गाड़ी पर ही रह गया था।

प्रतिमा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

पुलिस की शुरुआती जांच में वेल्डिंग सपोर्ट टूटने की बात सामने आई है, लेकिन प्रतिमा को ले जाने से पहले सुरक्षा इंतजामों की पर्याप्त जांच हुई थी या नहीं, इसे लेकर भी पड़ताल की जा रही है। हादसे के बाद प्रतिमा के टूटे हिस्सों को मौके से हटाया गया और प्रशासनिक टीमों ने स्थिति को नियंत्रित किया। घटना को लेकर यह दावा भी सामने आया है कि प्रतिमा को फैक्ट्री से बाहर निकालने के दौरान नट-बोल्ट में समस्या सामने आई थी और मरम्मत के बाद उसे जुलूस में शामिल किया गया था। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही कई लोग दब गए। मौके पर अफरातफरी मच गई।

गणेशोत्सव से पहले बड़े आयोजनों की सुरक्षा चुनौती

मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान हजारों सार्वजनिक गणेश मंडलों की ओर से प्रतिमाओं के आगमन और विसर्जन के लिए बड़े जुलूस निकाले जाते हैं। इन आयोजनों में बड़ी और भारी प्रतिमाओं के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल होते हैं। ऐसे में भुलेश्वर की घटना ने प्रतिमाओं के परिवहन के दौरान तकनीकी सुरक्षा, वेल्डिंग सपोर्ट, वाहन व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन के सामने अब आगामी गणेशोत्सव के दौरान ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की चुनौती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This