केंद्र से US दौरे की राजनीतिक मंजूरी नहीं मिली, लंदन से ही हैदराबाद लौटेंगे; 30 अगस्त की जगह 23 अगस्त को होगी वापसी
हैदराबाद। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के अमेरिका दौरे को केंद्र सरकार से मंजूरी नहीं मिली है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाले तेलंगाना राइजिंग प्रतिनिधिमंडल का अमेरिका दौरा रद्द हो गया है। CMO के मुताबिक, केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका यात्रा के लिए राजनीतिक मंजूरी नहीं दी। हालांकि, रेवंत रेड्डी के UK दौरे को केंद्र से अनुमति मिली थी। मुख्यमंत्री फिलहाल लंदन में हैं और अब अमेरिका जाने के बजाय सीधे हैदराबाद लौटेंगे।
पहले रेवंत रेड्डी के 20 अगस्त से शुरू हुए UK और US दौरे के बाद 30 अगस्त को हैदराबाद लौटने का कार्यक्रम था। अमेरिका दौरा रद्द होने के बाद उनकी वापसी अब 23 अगस्त को होगी। रेवंत रेड्डी के अमेरिकी दौरे के दौरान 24 अगस्त को हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और MIT जाने का कार्यक्रम था। इसके बाद 25 अगस्त को बोस्टन में वर्जीनिया टेक की टीम के साथ बैठक और 26 अगस्त को न्यूयॉर्क में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के US चैप्टर के कार्यक्रम में शामिल होना प्रस्तावित था। UK दौरे में ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन और लंदन बिजनेस स्कूल से जुड़े कार्यक्रम निर्धारित थे। इसके अलावा एमिरेट्स स्टेडियम में EPL फुटबॉल से संबंधित कार्यक्रम में भी शामिल होना था। अमेरिका दौरे की मंजूरी नहीं मिलने के बावजूद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वहां के संस्थानों के साथ प्रस्तावित MoU और साझेदारी समझौतों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रतिनिधिमंडल की गैर-मौजूदगी में भी प्रस्तावित सहयोग और निवेश से जुड़े समझौतों की प्रक्रिया पूरी की जाए। तेलंगाना सरकार ने UK और USA दोनों देशों की यात्रा के लिए नियमानुसार केंद्र से अनुमति मांगी थी। CMO के अनुसार, UK दौरे की मंजूरी मिल गई थी, लेकिन प्रतिनिधिमंडल के लंदन पहुंचने के बाद अमेरिका यात्रा की मंजूरी नहीं मिलने की जानकारी दी गई।
अमेरिका दौरे की अनुमति न मिलने के बाद अब यह मामला तेलंगाना सरकार और केंद्र के बीच राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।














